पूर्वी चम्पारण जिले के रक्सौल-हरैया बॉर्डर इलाके से पुलिस ने दो विदेशी नागरिकों को अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पकड़े गए नागरिकों में एक महिला स्विट्जरलैंड की है, जबकि दूसरा युवक म्यांमार का रहने वाला है।
नियमित जांच के दौरान पकड़े गए संदिग्ध
हरैया थाना क्षेत्र के कस्टम चौक के पास पुलिस टीम रूटीन चेकिंग अभियान पर थी। इसी दौरान पुलिस को इन दोनों विदेशी नागरिकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जब पुलिस ने इन्हें रोककर पूछताछ की और भारत में यात्रा से जुड़े दस्तावेज (पासपोर्ट और वीजा) मांगे, तो वे कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सके। वैध दस्तावेज न होने के कारण पुलिस ने दोनों को तुरंत हिरासत में ले लिया।
कोर्ट में पेशी और आगे की कार्रवाई
हरैया थाना पुलिस के अनुसार, इस मामले में जरूरी कानूनी औपचारिकताएं और कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के लिए भेज दिया गया है।
जांच का मुख्य बिंदु: पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की गहन जांच कर रही हैं कि इन दोनों ने किस रास्ते से भारत की सीमा में प्रवेश किया और इनके यहां आने का मुख्य मकसद क्या था। सुरक्षा के लिहाज से संबंधित केंद्रीय और राज्य एजेंसियों को भी इस मामले की जानकारी दे दी गई है।
संवाददाता अमरजीत सिंह






