मोतिहारी के टाउन हॉल में आयोजित ‘चंपारण एक्सपो 2026’ अपने पूरे शबाब पर है। रविवार, 29 मार्च को मेले के चौथे दिन के दूसरे सत्र का भव्य उद्घाटन किया गया। शाम 5 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के उद्योग मंत्री और स्थानीय सांसद सहित कई गणमान्य अतिथियों ने शिरकत की।
दिग्गज अतिथियों ने किया स्टालों का अवलोकन
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर माननीय उद्योग मंत्री श्री दिलीप जायसवाल, सांसद श्री राधा मोहन सिंह, नगर विधायक श्री प्रमोद कुमार, उप महापौर श्री लाल बाबू गुप्ता और उद्योग विभाग के महाप्रबंधक श्री शुभम कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
अतिथियों ने एक्सपो में लगे विभिन्न स्टालों का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां प्रदर्शित उत्पादों की जानकारी ली। उद्योग मंत्री ने मोतिहारी के लघु उद्योगों की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसे आयोजनों को और भी बड़े स्तर पर किया जाना चाहिए ताकि स्थानीय उद्यमियों को बेहतर मंच मिल सके।
पेंशन और व्यापार पर हुई विशेष चर्चा
एक्सपो के दौरान PRDA (पेंशन फंड नियामक और विकास प्राधिकरण) के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने उपस्थित लोगों को पेंशन योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। साथ ही, मोतिहारी चैंबर के अध्यक्ष महेश सिन्हा, महासचिव आलोक कुमार और नॉर्थ बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के श्याम भीमसरिया व सज्जन शर्मा ने भी व्यापारिक विकास को लेकर अपने विचार साझा किए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ एक्सपो में मनोरंजन का भी खास ख्याल रखा गया। स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। आयोजन समिति की ओर से सभी मुख्य अतिथियों को शॉल और स्मृति चिह्न (मोमेंटो) देकर सम्मानित किया गया।
30 मार्च तक चलेगा यह भव्य आयोजन
आपको बता दें कि यह एक्सपो मोतिहारी चैंबर ऑफ कॉमर्स और नॉर्थ बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त प्रयास से आयोजित किया जा रहा है। 26 मार्च से शुरू हुआ यह मेला 30 मार्च तक चलेगा। इसमें स्थानीय स्टार्टअप्स, विभिन्न उद्योगों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने का मौका मिल रहा है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में बीरेंद्र जालान, सुधीर अग्रवाल, सुरेश चंद्र, राजीव विजडम, अरविन सर्राफ, अनुपम जायसवाल, डॉ. विवेक गौरव, विनय देवकुलीयार और अनिल बोहरा सहित चैंबर के अन्य पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में महासचिव आलोक कुमार ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया।
रिपोर्ट: अमरजीत सिंह, मोतिहारी








