मोतिहारी में व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय उद्योगों को नई पहचान दिलाने के लिए ‘चंपारण एक्सपो 2026’ के आयोजन की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। बंजरिया पंडाल स्थित होटल वी.के. गार्डन में आयोजित ‘मोतिहारी चैंबर ऑफ कॉमर्स’ की 27वीं कार्यकारिणी की तीसरी बैठक में इस मेगा इवेंट को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई।
चंपारण एक्सपो: 5 दिनों तक सजेगा उद्योगों का मेला
चैंबर अध्यक्ष महेश सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में तय किया गया कि आगामी चंपारण एक्सपो पांच दिवसीय होगा। इस मेले में पूरे बिहार से स्टाल धारक पहुंचेंगे। व्यापारियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। बैठक के दौरान ‘नॉर्थ बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज’ के प्रतिनिधियों ने भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।
दिग्गज हस्तियों का होगा समागम
इस पांच दिवसीय उद्योग मेले का उद्घाटन तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह, जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात संयुक्त रूप से करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, सांसद राधा मोहन सिंह, संजय जायसवाल सहित बिहार सरकार के कई मंत्री और स्थानीय विधायक शिरकत करेंगे। खास बात यह है कि पड़ोसी देश नेपाल से ‘बीरगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स’ की टीम भी इस एक्सपो का हिस्सा बनेगी।
होटल और रेस्टोरेंट संचालकों की समस्याओं पर चिंता
बैठक के दौरान जिले में व्यावसायिक गैस (Commercial LPG) की किल्लत पर भी गंभीर चर्चा हुई। अध्यक्ष महेश सिन्हा ने कहा कि गैस की आपूर्ति बाधित होने से होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय पर बुरा असर पड़ा है, जिससे पर्यटकों को भी परेशानी हो रही है।
चैंबर की मांग: केंद्र सरकार द्वारा व्यावसायिक गैस की आपूर्ति बढ़ाने के निर्णय का स्वागत करते हुए चैंबर ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि स्थानीय स्तर पर इसकी आपूर्ति जल्द सुनिश्चित की जाए ताकि कारोबार सुचारू रूप से चल सके।
चैंबर भवन का निर्माण प्राथमिकता
बैठक के दूसरे सत्र में महासचिव आलोक कुमार ने पिछली गतिविधियों की रिपोर्ट पेश की और कोषाध्यक्ष अनिल बोहरा ने आय-व्यय का ब्यौरा दिया। अध्यक्ष महेश सिन्हा ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि व्यापारियों का हित उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और वे अपने कार्यकाल में ‘चैंबर भवन’ के निर्माण को पूरा करने के लिए संकल्पित हैं।
इन प्रमुख सदस्यों की रही उपस्थिति
बैठक में पूर्व अध्यक्ष महेश चंद्र लाल, डॉ. विवेक गौरव, राजीव विजडम, बीरेंद्र जालान, अंगद सिंह और संयोजक मनीष कुमार सहित कार्यकारिणी के कई सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सह-सचिव विनय देवकुलियार के धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।







